उत्तराखंड में गर्मी और उमस से जल्द मिलेगी राहत, 25 जून तक मानसून की दस्तक के आसार
देहरादून। उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज धूप और बढ़ती उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रविवार को मैदानी क्षेत्रों में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाए, जबकि पहाड़ी इलाकों में भी तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। हालांकि मौसम विभाग ने सोमवार से राहत मिलने की संभावना जताई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ के कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
तापमान सामान्य से ऊपर
रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 24.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। पहाड़ी जिलों में भी तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
25 जून तक मानसून पहुंचने की उम्मीद
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में 22 से 25 जून के बीच मानसून के प्रवेश की प्रबल संभावना है। मानसून के आगमन के साथ गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा 27 जून तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है और कई क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के दौरान सतर्क रहने और खराब मौसम की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।




