रुड़की: भीड़भाड़ वाले इलाके में बेकाबू स्कॉर्पियो का कहर, कई घायल, दो मासूम बच्चियों की हालत गंभीर

0
10

रुड़की: भीड़भाड़ वाले इलाके में बेकाबू स्कॉर्पियो का कहर, कई घायल, दो मासूम बच्चियों की हालत गंभीर

रुड़की के पिरान कलियर क्षेत्र में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बेकाबू होकर भीड़भाड़ वाले इलाके में घुस गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई लोग वाहन की चपेट में आ गए, जिनमें दो मासूम बच्चियां समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

Ads

जानकारी के अनुसार, यूपी नंबर की स्कॉर्पियो इमलीखेड़ा रोड स्थित अब्दाल शाह रोड पर तेज गति से गुजर रही थी। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो सड़क किनारे मौजूद लोगों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई।

हादसे में मुख्तार आलम (निवासी बिहार), छह वर्षीय साबरीन और दस वर्षीय शबनम गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोगों को बचने का मौका तक नहीं मिला। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई और नियमित चेकिंग अभियान चलाने की मांग की है।