गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव के समापन समारोह में बोले सीएम धामी, भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों और गोरखा समाज के योगदान को किया याद
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक एवं पारिवारिक संबंधों को दोनों देशों की साझा विरासत बताया। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल दो देशों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रोटी-बेटी के अटूट संबंधों से जुड़ा हुआ है। गोरखा समाज ने देश की रक्षा और सम्मान के लिए अपना अतुलनीय योगदान दिया है। उनके बलिदान और समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा।
रविवार को महिंद्रा ग्राउंड में आयोजित गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखा समाज का भारत के साथ सदियों पुराना जुड़ाव रहा है। इस समाज के वीर जवानों ने अपने साहस, शौर्य और बलिदान से देश को गौरवान्वित किया है। भारतीय सेना में गोरखा जवानों का योगदान भी देश के इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है।
मुख्यमंत्री ने भारत और नेपाल के आपसी संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक, सामाजिक और पारिवारिक रिश्ते हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में नेपाल में कठिन परिस्थितियां उत्पन्न होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने पड़ोसी देश की सहायता के लिए आगे बढ़कर अपने दायित्व का निर्वहन किया।
उन्होंने गोरखा समाज की परंपराओं, संस्कृति और सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन दोनों देशों के बीच सदियों पुराने संबंधों को और मजबूत बनाने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करते हैं।





