देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं के लिए आईटीआई में प्रवेश का सुनहरा अवसर शुरू हो गया है। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग ने सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश के 153 राजकीय और 82 निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बार छात्रों को एक साथ 10 पसंदीदा ट्रेड और संस्थानों का विकल्प चुनने की सुविधा दी जाएगी।
विभाग के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। पहले चरण में अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षिक योग्यता और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इसके बाद राज्य स्तरीय मेरिट सूची जारी की जाएगी। दूसरे चरण में छात्र अपनी रैंक के अनुसार ट्रेड और संस्थान का चयन कर सकेंगे।
अग्निवीर भर्ती में मिलेगा अतिरिक्त लाभ
आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के तहत बोनस अंक का लाभ मिलेगा। एक वर्षीय कोर्स पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को 30 अतिरिक्त अंक और दो वर्षीय कोर्स करने वालों को 40 अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे। इससे अग्निवीर भर्ती में चयन की संभावना बढ़ जाएगी।
उद्योगों में प्रशिक्षण के साथ स्टाइपेंड
इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया में दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली (डीएसटी) विशेष आकर्षण है। इसके तहत राज्य के 54 सरकारी आईटीआई ने टाटा मोटर्स, बजाज ऑटो, हीरो मोटोकॉर्प, महिंद्रा और वी-गार्ड जैसी प्रमुख कंपनियों के साथ समझौता किया है।
प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को सीधे उद्योगों में काम सीखने का अवसर मिलेगा। कंपनियों की ओर से प्रशिक्षण अवधि में 8,000 से 12,000 रुपये प्रतिमाह तक स्टाइपेंड भी दिया जाएगा। साथ ही भोजन, परिवहन और सुरक्षा उपकरण जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
योग्यता और शुल्क
विभिन्न ट्रेड्स के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 8वीं और 10वीं पास निर्धारित की गई है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये तथा अन्य वर्गों के लिए 350 रुपये रखा गया है।
महत्वपूर्ण तिथियां
- प्रथम चरण ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 5 जुलाई
- राज्य स्तरीय मेरिट सूची जारी: 7 जुलाई
- ट्रेड एवं संस्थान विकल्प भरने की तिथि: 8 से 15 जुलाई
विभाग ने अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है ताकि उन्हें मनचाहे ट्रेड और संस्थान में प्रवेश का अवसर मिल सके।




