देहरादून में दर्दनाक सड़क हादसा: सिटी बस ने छह लोगों को कुचला, चालक को दौरा पड़ने की आशंका

0
2

देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र स्थित लालपुर में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक सिटी बस ने सड़क किनारे चल रहे कई लोगों को टक्कर मार दी, जिससे छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद घायलों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। बताया जा रहा है कि बस चालक को अचानक दौरा पड़ने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रह पाया।

Ads

हादसे के बाद घायल काफी देर तक सड़क पर पड़े रहे। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए पुलिस की मदद से घायलों को ई-रिक्शा और अन्य वाहनों के जरिए अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, समय पर एंबुलेंस न पहुंच पाने से राहत कार्य प्रभावित हुआ।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। चालक को पुलिस ने हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दुर्घटना के कारण क्षेत्र में लंबे समय तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।