हल्द्वानी। मुरादाबाद में दर्ज दुष्कर्म के मामले में गवाही देने की तैयारी कर रही महिला को आरोपित की ओर से जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जेल से रिहा होने के बाद आरोपित महिला को लगातार फोन और इंटरनेट मीडिया के माध्यम से परेशान कर रहा है। उसने महिला को धमकाते हुए कहा कि यदि उसने मुकदमे में गवाही दी तो वह उसके पूरे परिवार को जान से मार देगा।
महिला के अनुसार, आरोपित जेल से छूटने के बाद से ही उसे लगातार निशाना बना रहा है और अलग-अलग माध्यमों से संपर्क कर धमकियां दे रहा है। इस धमकी के बाद महिला और उसका परिवार भयभीत है। मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला ने बनभूलपुरा कोतवाली में पुलिस को तहरीर दी है।
महिला की शिकायत के आधार पर बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और धमकी दिए जाने से जुड़े तथ्यों व साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।





