हल्द्वानी। धनतेरस के अवसर पर बाजारों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। इसके तहत शुक्रवार सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक रूट डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। इस दौरान शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
पुलिस के जारी यातायात प्लान के अनुसार, निर्धारित समय के दौरान भारी मालवाहक वाहनों, आपातकालीन मालवाहक वाहनों और दोपहिया वाहनों को भी शहर के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य बाजारों में खरीदारी के लिए पहुंचने वाले लोगों को जाम की समस्या से बचाना और पैदल आवाजाही को सुरक्षित बनाना है।
यातायात व्यवस्था पर नजर रखने के लिए शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। पुलिसकर्मियों की विभिन्न स्थानों पर तैनाती भी की जाएगी, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा सके और यातायात बाधित होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें और प्रतिबंधित क्षेत्रों में वाहन लेकर न जाएं। धनतेरस के दौरान बाजार आने वाले लोगों से भी अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।





