उत्तराखंड: पांच जिलों के सरकारी स्कूलों में होगी मिड डे मील की जांच, मदरसों में 12,289 फर्जी नामांकन मिलने के बाद बड़ा फैसला
देहरादून। हरिद्वार जिले के मदरसों में 12,289 छात्रों का फर्जी नामांकन सामने आने के बाद उत्तराखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब राज्य के पांच जिलों के सरकारी स्कूलों और मदरसों में छात्र संख्या तथा मिड डे मील (पीएम पोषण योजना) की विशेष जांच कराई जाएगी।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शिक्षा महानिदेशालय और संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक और पात्र विद्यार्थियों तक ही पहुंचे।
इन जिलों में होगी विशेष जांच
जांच अभियान के तहत ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून के मैदानी क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में छात्र संख्या और मिड डे मील की वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया जाएगा। इसके अलावा पौड़ी जिले के कोटद्वार तथा नैनीताल जिले के हल्द्वानी और रामनगर क्षेत्रों को भी जांच के दायरे में शामिल किया गया है।
अधिकारियों की टीम स्कूलों में मौजूद वास्तविक विद्यार्थियों की संख्या और उनके लिए तैयार किए जा रहे मिड डे मील की मात्रा का मिलान करेगी।
हरिद्वार में सामने आया बड़ा फर्जीवाड़ा
हाल ही में हरिद्वार जिला प्रशासन द्वारा मदरसों की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए थे। अभिलेखों के अनुसार मार्च 2026 में मदरसों में 31,780 छात्रों का नामांकन दर्ज था, लेकिन अप्रैल में किए गए सत्यापन के बाद यह संख्या घटकर 19,491 रह गई। जांच में 12,289 छात्रों का नामांकन फर्जी पाया गया।
सरकारी धन की होगी वसूली
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अनुसार जिन संस्थानों में छात्र संख्या और मिड डे मील के आंकड़ों में गड़बड़ी पाई गई है, उनसे सरकारी धनराशि की वसूली की जाएगी। साथ ही अन्य जिलों के मदरसों की भी जांच जारी है।
5.57 लाख बच्चों को मिल रहा योजना का लाभ
प्रदेश में प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्ष 2025-26 में प्राथमिक स्तर पर 3.15 लाख और उच्च प्राथमिक स्तर पर 2.41 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं इस योजना का लाभ उठा रहे हैं। कुल मिलाकर 5.57 लाख से ज्यादा बच्चों को योजना से लाभ मिला है।
सरकार का कहना है कि जांच का उद्देश्य योजना में पारदर्शिता बनाए रखना और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग को रोकना है।




