काशीपुर को 800 करोड़ की ड्रेनेज योजना की सौगात, CM धामी ने दी मंजूरी; जलभराव की समस्या से मिलेगी राहत

0
2

काशीपुर। शहर की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर के लिए 800 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी ड्रेनेज योजना को मंजूरी दे दी है। इसको लेकर महापौर दीपक बाली ने देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उनका आभार व्यक्त किया।

मुलाकात के दौरान महापौर दीपक बाली ने कहा कि प्रस्तावित ड्रेनेज योजना के धरातल पर उतरने से काशीपुर की लंबे समय से चली आ रही जलभराव और जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान का रास्ता साफ होगा। योजना के लागू होने से शहर की ड्रेनेज व्यवस्था को व्यवस्थित करने और बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों को कम करने में मदद मिलेगी।

इस दौरान महापौर ने मुख्यमंत्री के समक्ष काशीपुर से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं और स्थानीय समस्याओं को भी रखा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और संबंधित धनराशि अवमुक्त करने के संबंध में शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए।

800 करोड़ रुपये की इस योजना को काशीपुर के बुनियादी ढांचे में सुधार की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है। अब इसके क्रियान्वयन और शासनादेश जारी होने के बाद शहरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।