मसूरी में बम धमकी से हड़कंप, नगर पालिका कार्यालय समेत कई सरकारी प्रतिष्ठान निशाने पर

0
2

मसूरी। उत्तराखंड के मसूरी शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब नगर पालिका परिषद और प्रशासन को ई-मेल के जरिए बम विस्फोट की धमकी मिली। धमकी भरे मेल में मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष के कार्यालय, मुख्यमंत्री आवास सहित देहरादून और दिल्ली के कई महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की बात कही गई है।

जानकारी के अनुसार, नगर पालिका परिषद और एसडीएम मसूरी के आधिकारिक ई-मेल पते पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। ई-मेल में मसूरी नगर पालिका कार्यालय में दोपहर 3:11 बजे विस्फोट करने का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विभिन्न सरकारी कार्यालयों, रेलवे स्टेशनों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।

Ads

धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग तुरंत अलर्ट मोड में आ गया। सुरक्षा एजेंसियों को सूचित कर संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस और साइबर विशेषज्ञों की टीम ई-मेल की जांच में जुटी हुई है तथा मेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने धमकी भरा ई-मेल मिलने की पुष्टि की है। वहीं शहर कोतवाल देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हर पहलू से जांच की जा रही है।

प्रशासन ने आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।