ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी पुलिस चौकी प्रभारी विनोद कुमार शर्मा की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह ड्यूटी पूरी कर अपने वाहन से शिवपुरी चौकी की ओर जा रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रानीपोखरी निवासी विनोद कुमार शर्मा देर रात मुनि की रेती थाना क्षेत्र से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की जानकारी पुलिस और प्रशासन को काफी देर बाद मिल सकी।
सूचना मिलने पर पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद वाहन तथा शव को खाई से बाहर निकाला गया।
विनोद कुमार शर्मा पूर्व में भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। पुलिस विभाग में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं और ढालवाला तथा कैलाश गेट चौकी प्रभारी के रूप में भी कार्य किया। अपनी कर्तव्यनिष्ठा, सरल स्वभाव और जनसरोकारों के प्रति समर्पण के कारण वे पुलिस विभाग और स्थानीय लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे।
उनके आकस्मिक निधन की खबर से पुलिस महकमे और रानीपोखरी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।




