देहरादून के सहसपुर क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पति ने अपनी गर्भवती पत्नी को हरियाणा के पानीपत ले जाकर अवैध रूप से लिंग परीक्षण कराया। गर्भ में बेटी होने की जानकारी मिलने के बाद उसने पत्नी को लगातार प्रताड़ित किया और उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया।
पीड़िता के परिजनों के अनुसार आरोपी पति बबलू ने पहले पत्नी सीमा पर लिंग परीक्षण कराने का दबाव बनाया। पानीपत में अल्ट्रासाउंड जांच के दौरान गर्भस्थ शिशु के लड़की होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। इसके बाद उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची और लगातार शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने गर्भवती महिला को पानी की टंकी में बैठाकर करंट लगाया और लकड़ी के फट्टों से बेरहमी से पीटा। लगातार दो दिनों तक उसे यातनाएं दी गईं, जिसके कारण गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और महिला को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया।
पीड़िता के पिता शेर सिंह का कहना है कि वर्ष 2019 में प्रेम विवाह के बाद से ही उनकी बेटी के साथ मारपीट की जाती थी। उन्होंने आरोपी पर पहले से दो शादियां करने और आपराधिक प्रवृत्ति का होने का आरोप भी लगाया है। परिवार ने पुलिस से सुरक्षा और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।




