देहरादून। राजधानी देहरादून में मंगलवार को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट पर्व श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी और भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट का भोग अर्पित किया जाएगा। पूजा के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
पर्व को लेकर मंदिरों में तैयारियां की जा रही हैं। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाकर विशेष आराधना की जाएगी। वहीं, मंदिरों और गोशालाओं में गो पूजन का भी आयोजन होगा। श्रद्धालु गायों को अन्न और चारा अर्पित कर उनकी पूजा करेंगे तथा गोवंश के संरक्षण और सेवा का संकल्प लेंगे।
गोवर्धन पूजा के तहत श्रद्धालु घरों और मंदिरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर विधि-विधान से पूजा करेंगे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के प्रकोप से ब्रजवासियों और गोवंश की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठाया था। इसी घटना की स्मृति में यह पर्व मनाया जाता है।
हिंदू पंचांग के अनुसार, प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को गोवर्धन पूजा अथवा अन्नकूट पर्व मनाया जाता है। इस वर्ष पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित है। पर्व के दौरान श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की आराधना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे।





