नैनीताल में राज्य स्थापना दिवस समारोह का आंदोलनकारियों ने किया बहिष्कार, अतिथियों की देरी पर जताई नाराजगी

0
2

नैनीताल। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नैनीताल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति पैदा हो गई, जब अतिथियों के निर्धारित समय से करीब दो घंटे देरी से पहुंचने पर राज्य आंदोलनकारियों ने नाराजगी जताते हुए समारोह का बहिष्कार कर दिया। आंदोलनकारियों के विरोध से कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया।

जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन की ओर से राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में डीएसए खेल मैदान में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसके लिए एक दिन पहले से ही मंच निर्माण सहित अन्य आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। रविवार सुबह नौ बजे से ही कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। हालांकि, अतिथियों के समय पर नहीं पहुंचने से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद राज्य आंदोलनकारियों में नाराजगी बढ़ने लगी।

अतिथियों के करीब दो घंटे की देरी से पहुंचने पर आंदोलनकारियों ने विरोध जताया और कार्यक्रम का बहिष्कार करने का निर्णय लिया। इस दौरान आंदोलनकारी मंच पर पहुंचे और पूर्व विधायक एवं राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय नारायण सिंह जंतवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद समारोह छोड़कर चले गए।

आंदोलनकारियों के बहिष्कार के बावजूद जिला प्रशासन की ओर से आयोजित अन्य प्रस्तावित कार्यक्रम जारी रहे। हालांकि, राज्य स्थापना दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर आंदोलनकारियों की नाराजगी और कार्यक्रम से उनका बाहर जाना चर्चा का विषय बना रहा।