अतिथि शिक्षकों के वेतन में जल्द होगी वृद्धि, सेवा सुरक्षा की मांग पर शिक्षा मंत्री ने दिया आश्वासन

0
2

देहरादून। उत्तराखंड में अतिथि शिक्षकों के वेतन वृद्धि और सेवा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। माध्यमिक अतिथि शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष अभिषेक भट्ट और पूर्व महामंत्री दौलत जगूड़ी ने शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से उनके यमुना कॉलोनी स्थित आवास पर मुलाकात कर अतिथि शिक्षकों की लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अतिथि शिक्षकों के वेतन में वृद्धि करने के साथ ही उनकी सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि अतिथि शिक्षक लंबे समय से शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं, लेकिन उनकी कई समस्याओं का अब तक समाधान नहीं हो पाया है।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि अतिथि शिक्षकों के वेतन में जल्द वृद्धि की जाएगी। इसके साथ ही उनकी अन्य लंबित समस्याओं के निराकरण को लेकर भी सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

अभिषेक भट्ट ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात के दौरान शिक्षा मंत्री को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। साथ ही स्काउट एवं गाइड्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने पर उन्हें बधाई भी दी। इस अवसर पर अतिथि शिक्षकों की लंबे समय से लंबित मांगों और उनकी समस्याओं से शिक्षा मंत्री को विस्तार से अवगत कराया गया।

अतिथि शिक्षकों को मिले इस आश्वासन के बाद अब उनकी नजरें सरकार की ओर से होने वाली आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।