देहरादून। राजधानी देहरादून के एक निजी स्कूल में कथित अनुचित व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने का मामला अब भावनात्मक और गंभीर मोड़ ले चुका है। एक ओर मां स्कूल के गेट पर अपनी बेटी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर धरने पर बैठी है, वहीं दूसरी ओर 17 वर्षीय बेटी घर में बैठकर अपनी जिंदगी के फिर से सामान्य होने का इंतजार कर रही है। जिस उम्र में उसे स्कूल जाना चाहिए, दोस्तों के साथ समय बिताना चाहिए और अपने भविष्य के सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए, उस उम्र में वह परिवार के सामने आए इस संकट से जूझ रही है।
छात्रा के मन में बार-बार एक ही सवाल उठ रहा है कि क्या अपने सम्मान और अधिकारों के लिए आवाज उठाना उसकी गलती थी? क्या गलत व्यवहार के खिलाफ सवाल खड़े करने की कीमत उसे अपनी सामान्य जिंदगी से दूर होकर चुकानी पड़ रही है? इस पूरे घटनाक्रम ने न केवल उसकी पढ़ाई और दिनचर्या को प्रभावित किया है, बल्कि उसके परिवार को भी मानसिक और भावनात्मक परेशानी से गुजरना पड़ रहा है।
छात्रा ने पत्र के माध्यम से बयां की अपनी पीड़ा
दून के निजी स्कूल में कथित अनुचित व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने के बाद छात्रा और उसके परिवार की जिंदगी में आए बदलावों को लेकर छात्रा ने दैनिक जागरण को लिखे एक पत्र में अपनी भावनाएं साझा की हैं। पत्र में उसने बताया कि वह महज 17 वर्ष की है और उसने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि अपने सम्मान के लिए उठाया गया एक कदम उसके पूरे परिवार की जिंदगी को इस तरह प्रभावित कर देगा।
छात्रा ने अपने व्यक्तित्व के बारे में बताते हुए खुद को एक विद्यार्थी, खिलाड़ी और लेखिका के रूप में पहचाना है। उसके लिए स्कूल केवल पढ़ाई की जगह नहीं, बल्कि अपने हुनर को निखारने, खेलों में आगे बढ़ने और भविष्य के सपनों को आकार देने का माध्यम रहा है। लेकिन मौजूदा परिस्थितियों ने उसकी सामान्य दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है।
मां की लड़ाई और बेटी की उम्मीदें
एक तरफ मां अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए स्कूल के गेट पर धरना दे रही है, तो दूसरी तरफ बेटी घर पर रहकर हालात सामान्य होने की उम्मीद लगाए बैठी है। मां की यह लड़ाई केवल एक शिकायत तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि बेटी के सम्मान, अधिकारों और भविष्य से जुड़ा सवाल बन गई है।
छात्रा की पीड़ा इस बात को भी सामने लाती है कि किसी संस्थान में अनुचित व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने के बाद एक किशोर विद्यार्थी को किन मानसिक और सामाजिक परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। इस उम्र में बच्चों को परिवार और शैक्षणिक संस्थानों से सहयोग, सुरक्षा और सकारात्मक माहौल की जरूरत होती है।
न्याय की मांग के बीच भविष्य को लेकर चिंता
इस पूरे मामले में छात्रा की सबसे बड़ी चिंता अपनी पढ़ाई, खेल और सामान्य जीवन में लौटने को लेकर है। 17 वर्ष की उम्र में उसके सामने अपने भविष्य को लेकर कई सपने और संभावनाएं हैं, लेकिन मौजूदा विवाद ने उसके रास्ते में अनिश्चितता पैदा कर दी है।
अब परिवार की मांग है कि मामले को गंभीरता से लिया जाए और छात्रा की शिकायत पर उचित कार्रवाई करते हुए उसे सम्मानजनक एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। छात्रा के पत्र में व्यक्त भावनाएं एक बड़ा सवाल खड़ा करती हैं कि क्या किसी विद्यार्थी को अपने सम्मान और अधिकारों के लिए आवाज उठाने के बाद अपनी सामान्य जिंदगी से समझौता करना पड़ेगा?





