काशीपुर। महुआखेड़ा गंज में 22 वर्षीय मेहविश की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस की जांच में नया मोड़ सामने आया है। शुरुआती जांच में मामला हत्या के बजाय तमंचे से दुर्घटनावश गोली चलने का सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि मेहविश को रील बनाने का शौक था और घटना के समय वह पड़ोसी की नाबालिग बेटी के साथ तमंचे को लेकर खेल रही थी। हालांकि, घटना की पूरी तस्वीर पुलिस की जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगी।
मामले में मृतका के भाई फईम की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोसी साजिद और उसके स्वजन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है।
पड़ोसी के घर गई थी मेहविश
आइटीआइ कोतवाली क्षेत्र के महुआखेड़ा गंज के वार्ड-3, मढैया देवी निवासी मेहविश की गुरुवार दोपहर गोली लगने से मौत हो गई थी। घटना के समय वह पड़ोसी के घर गई थी। कुछ देर बाद पड़ोसी कथित तौर पर खून से लथपथ मेहविश को उसके घर छोड़कर चला गया।
मृतका के भाई और चाचा ने मामले की सूचना पुलिस को दी। घटना के बाद पड़ोसी साजिद अपनी पत्नी और बेटे के साथ फरार हो गया। पुलिस ने उसकी दो बेटियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू की।
तमंचे से खेलते समय चली गोली
पुलिस जांच में सामने आया है कि मेहविश पड़ोसी की नाबालिग छोटी बेटी के साथ तमंचे को लेकर खेल रही थी। इसी दौरान गोली चलने की बात सामने आई है। उस समय परिवार की बड़ी बेटी अपने काम में व्यस्त थी, जबकि उनका पिता खेत पर गया हुआ था।
सूचना मिलने पर साजिद घर पहुंचा। इसके बाद वह मेहविश को उसके घर छोड़कर चला गया। पुलिस को घटनास्थल पर खून के निशान साफ किए जाने के भी संकेत मिले हैं। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच आगे बढ़ाई।
पोस्टमार्टम में सिर से निकला 12 एमएम का कारतूस
शुक्रवार को मेहविश का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के दौरान उसके सिर से 12 एमएम का कारतूस मिलने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम के बाद गमगीन माहौल में स्वजन ने मेहविश को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि तमंचा पहले से लोड था या घटना से पहले उसे लोड किया गया। साथ ही हथियार पड़ोसी के घर तक कैसे पहुंचा और उसे किसने रखा था, इन बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।
अवैध तमंचा रखना बना बड़ी मुसीबत
जांच में पड़ोसी के घर अवैध तमंचा होने की बात सामने आई है। पुलिस अब हथियार के स्रोत और उसके स्वामित्व की जानकारी जुटा रही है। यदि तमंचा अवैध रूप से रखा गया था तो इस मामले में हथियार रखने से जुड़ी धाराएं भी आरोपित के लिए बड़ी कानूनी मुश्किल खड़ी कर सकती हैं।
फिलहाल पुलिस फरार साजिद की तलाश में जुटी है। सीओ प्रशांत कुमार के अनुसार, मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना का पूरा अनावरण किया जाएगा।




