देहरादून। देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर लक्ष्मण सिद्ध मंदिर के पास गुरुवार देर रात एक चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के दौरान चालक ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलते ही हर्रावाला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक देहरादून से गाजियाबाद जा रहा था। चालक संजय कुमार ने बताया कि हर्रावाला चौकी से आगे विंडलास रिवर वैली के पास अचानक शॉर्ट सर्किट होने से ट्रक में आग लग गई। आग फैलते ही उन्होंने तुरंत वाहन रोककर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर सर्विस की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से ट्रक को काफी नुकसान पहुंचा, लेकिन समय रहते आग बुझा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।




