देहरादून। दून अस्पताल की ओपीडी बिल्डिंग में बुधवार-बृहस्पतिवार की रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने कई कमरों और शौचालयों के ताले तोड़ने की कोशिश की, चार हैंड बेसिन तोड़ दिए और टोटियां चोरी कर लीं। घटना का पता गुरुवार सुबह तब चला जब अस्पताल कर्मचारी ओपीडी पहुंचे। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ लोग सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर ओपीडी भवन में दाखिल हो गए। वे काफी देर तक भवन के अलग-अलग हिस्सों में घूमते रहे। जब उन्हें कोई कीमती सामान नहीं मिला तो दूसरी मंजिल के शौचालय का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। वहां टोटियां निकालने की कोशिश की, लेकिन सफल न होने पर उन्होंने एक-एक कर चारों हैंड बेसिन तोड़ दिए। इसके बाद वे टोटियां निकालकर फरार हो गए।
चोरों ने भवन के अन्य हिस्सों में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन ताले नहीं टूटने के कारण वे सफल नहीं हो सके। पूरी घटना के दौरान सुरक्षा कर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी, जबकि ओपीडी भवन के गेट पर गार्ड तैनात थे।
घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। इससे पहले भी अस्पताल परिसर में मरीजों, तीमारदारों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




