बदरी-केदार धाम में चढ़ावे की निगरानी बढ़ी, पारदर्शिता और लेखा-जोखा रखने के निर्देश

0
2

देहरादून। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने बदरीनाथ, केदारनाथ और अपने अधीनस्थ सभी मंदिरों में चढ़ावे एवं दान सामग्री की निगरानी और पारदर्शिता को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के निर्देश पर मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) सोहन सिंह रांगड़ ने दान-भेंट काउंटर, गिनती स्थल, लेखा-खजाना, विश्रामगृह और पूजा काउंटर पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चढ़ावे और दान सामग्री के रखरखाव, गिनती तथा लेखा-जोखा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Ads

समिति ने कहा है कि इन दिनों चारधाम यात्रा के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु बदरीनाथ और केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं द्वारा दिए जाने वाले चढ़ावे और दान का पूरा रिकॉर्ड पारदर्शी तरीके से रखा जाना आवश्यक है। यदि किसी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही की शिकायत मिलती है तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना के बाद एहतियात के तौर पर बदरीनाथ, केदारनाथ सहित सभी अधीनस्थ मंदिरों में निगरानी व्यवस्था और मजबूत की गई है। चढ़ावे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी।