देहरादून के ट्रांसपोर्ट नगर में दर्दनाक हादसा, जनरेटर रूम में दम घुटने से दो इंजीनियरों की मौत

0
2

देहरादून। राजधानी देहरादून के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सिंधु सेंटर में मंगलवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक इंटरनेट कंपनी के जनरेटर रूम में सो रहे दो इंजीनियरों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान रोहित सिंह और लव कुश के रूप में हुई है। दोनों ईशान नेट सोल प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत थे।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात काम पूरा करने के बाद दोनों इंजीनियर जनरेटर रूम में सोने चले गए। रात के दौरान कमरे में दम घुटने से दोनों की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।

Ads

फोन नहीं उठाने पर हुआ घटना का खुलासा

घटना का पता उस समय चला जब कंपनी के एक कर्मचारी ने दोनों को फोन किया। काफी देर तक फोन नहीं उठने पर कर्मचारी को संदेह हुआ। इसके बाद तीसरे कर्मचारी ने जनरेटर रूम का दरवाजा खोला तो अंदर दोनों इंजीनियर अचेत अवस्था में पड़े मिले।

दोनों को देखकर मौके पर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौत का कारण दम घुटना बताया जा रहा है। हादसे की वास्तविक वजह और अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

घटना से कंपनी और परिवार में मातम

दो इंजीनियरों की एक साथ मौत की खबर से कंपनी के कर्मचारियों में शोक की लहर है। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद दोनों के परिवारों में भी मातम छा गया। हादसे ने जनरेटर रूम जैसे बंद स्थानों में सोने के दौरान सुरक्षा और वेंटिलेशन की जरूरत को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल, पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही हादसे के कारणों को लेकर पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।