बागेश्वर के खेतों में अचानक आ धमका गुलदार, धान मड़ाई कर रही महिलाओं में मची भगदड़

0
2

बागेश्वर। पहाड़ों में खेतों में काम करना अब ग्रामीणों के लिए चुनौती बनता जा रहा है। गरुड़ तहसील के राजसेरा गांव में शुक्रवार सुबह धान की मड़ाई कर रही महिलाओं के बीच अचानक गुलदार आ धमका। गुलदार को खेत के पास देखकर महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई और वे अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगीं।

खेत में गुलदार दिखते ही मची अफरा-तफरी

बताया जा रहा है कि गांव की महिलाएं सुबह खेतों में धान की मड़ाई का काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक उनकी नजर गुलदार पर पड़ी। कुछ ही दूरी पर गुलदार को देखकर वहां मौजूद महिलाओं में दहशत फैल गई।

Ads

गुलदार को देखते ही महिलाओं ने शोर मचाया और खेत से बाहर निकलने लगीं। कुछ देर तक मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बनी रही। आसपास मौजूद ग्रामीण भी मौके की ओर पहुंचे और शोर मचाकर गुलदार को खेतों से दूर भगाने का प्रयास किया।

लगातार बढ़ रही वन्यजीवों की चिंता

ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता बढ़ने से लोगों में चिंता का माहौल है। खेतों में काम करने वाले ग्रामीणों, खासकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी लोग चिंतित हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है, ताकि खेतों में काम करने के दौरान किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।