स्वच्छ सर्वेक्षण में टॉप-3 में जगह नहीं बना पाया ऋषिकेश, 60 हजार टन कूड़े का पहाड़ बना बड़ी चुनौती

0
1

ऋषिकेश। गंगा किनारे बसे ऋषिकेश शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण में राष्ट्रीय स्तर पर निराशा हाथ लगी है। नदी किनारे बसे शहरों की विशेष श्रेणी में ऋषिकेश टॉप-3 में जगह बनाने में नाकाम रहा। शहर की इस स्थिति के पीछे गोविंद नगर में वर्षों से जमा कूड़े का पहाड़ और गंगा किनारे स्थित घाटों की खराब व्यवस्थाओं को प्रमुख वजह माना जा रहा है। शहर के बीचोंबीच स्थित गोविंद नगर डंपिंग ग्राउंड में अभी भी करीब 60 हजार मीट्रिक टन कूड़ा जमा है।

बुधवार को स्वच्छ सर्वेक्षण की राष्ट्रीय रैंकिंग जारी की गई। इसमें विशेष श्रेणी के तहत स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन में ऋषिकेश को टॉप-3 शहरों में स्थान नहीं मिल सका। गंगा की धार्मिक और पर्यटन संबंधी महत्ता के चलते ऋषिकेश से स्वच्छता के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन शहर में कूड़े के निस्तारण और घाटों की व्यवस्थाओं से जुड़ी चुनौतियां रैंकिंग में बाधा बन गईं।

नगर पालिका के कार्यकाल से लेकर नगर निगम बनने तक शहर का ठोस अपशिष्ट गोविंद नगर स्थित डंपिंग ग्राउंड में जमा किया जाता रहा। लंबे समय तक कूड़े का उचित निस्तारण नहीं होने के कारण यहां कचरे का विशाल ढेर खड़ा हो गया, जो शहर की स्वच्छता व्यवस्था के लिए बड़ी समस्या बन गया।

बीचोंबीच बना कूड़े का पहाड़, अब भी चुनौती बरकरार

गोविंद नगर डंपिंग ग्राउंड में एक समय करीब डेढ़ लाख मीट्रिक टन कूड़ा जमा हो गया था। इस कचरे के निस्तारण और डंपिंग ग्राउंड को साफ करने के लिए करीब साढ़े छह करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई। इसके बाद नगर निगम ने एक अगस्त से यहां जमा कूड़े को हटाने का काम शुरू कराया।

कचरे के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद अभी भी करीब 60 हजार मीट्रिक टन कूड़ा शेष है। ऐसे में शहर के बीचोंबीच जमा कचरे का यह पहाड़ स्वच्छता अभियान के सामने बड़ी चुनौती बना हुआ है। ऋषिकेश को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन की श्रेणी में बेहतर स्थान दिलाने के लिए गोविंद नगर डंपिंग ग्राउंड से कूड़े का पूर्ण निस्तारण और गंगा घाटों की सफाई व्यवस्था में सुधार करना जरूरी होगा।