रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के प्रसिद्ध तृतीय केदार तुंगनाथ धाम में इस यात्रा सीजन श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भीड़ उमड़ी। वर्ष 2026 में अब तक 1.93 लाख श्रद्धालु बाबा तुंगनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। यह अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। इसके साथ ही धाम ने वर्ष 2024 में बने 1.73 लाख श्रद्धालुओं के पुराने रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है। यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।
तुंगनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के साथ ही श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए थे। कपाट खुलने के बाद से ही यहां दर्शन के लिए पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या में तेजी देखने को मिली। देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक तुंगनाथ धाम पहुंचे, जिससे पूरे यात्रा सीजन में क्षेत्र में रौनक बनी रही।
छह वर्षों में तेजी से बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या
तुंगनाथ धाम में पिछले कुछ वर्षों के यात्रा आंकड़ों पर नजर डालें तो श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2021 में महज 5,486 श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए थे। इसके बाद वर्ष 2022 में यह संख्या बढ़कर 28,198 और वर्ष 2023 में 1,36,430 पहुंच गई।
वर्ष 2024 में पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या 1.73 लाख के पार पहुंची और कुल 1,73,742 यात्रियों ने दर्शन किए। हालांकि, वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 1,51,131 रह गई थी। वहीं, वर्ष 2026 में एक बार फिर यात्रियों की संख्या में जबरदस्त उछाल आया और यह आंकड़ा बढ़कर 1.93 लाख पहुंच गया।
धार्मिक पर्यटन से स्थानीय कारोबार को मिला बढ़ावा
तुंगनाथ धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती आमद का सीधा लाभ स्थानीय कारोबार और पर्यटन गतिविधियों को मिल रहा है। यात्रियों की संख्या बढ़ने से क्षेत्र में होटल, होमस्टे, ढाबे, दुकानों और अन्य पर्यटन संबंधी गतिविधियों से जुड़े लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
स्थानीय लोगों के लिए धार्मिक पर्यटन आजीविका का महत्वपूर्ण माध्यम बनता जा रहा है। तुंगनाथ धाम में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या न केवल क्षेत्र की धार्मिक पहचान को मजबूत कर रही है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दे रही है।





