टिहरी। नगीना सांसद एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद मंगलवार को प्रतापनगर के देवल गांव पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत केतन लाल के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा देते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
गौरतलब है कि देवल गांव निवासी केतन लाल की 8 जून को कथित मारपीट के बाद मौत हो गई थी। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। चंद्रशेखर आजाद 28 जून को भी परिजनों से मिलने जा रहे थे, लेकिन सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पुलिस ने उन्हें हरिद्वार में रोक दिया था। इसके विरोध में उन्होंने धरना भी दिया था। बाद में पुलिस ने 30 जून को मुलाकात कराने का आश्वासन दिया था।
मंगलवार को भी सांसद के काफिले को हरिद्वार और रास्ते में कई स्थानों पर रोका गया। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए सीमित संख्या में वाहनों और समर्थकों को आगे जाने की अनुमति दी। हिंडोलाखाल के पास सांसद कुछ समर्थकों के साथ करीब तीन किलोमीटर पैदल भी चले, जिसके बाद उन्हें आगे जाने की अनुमति मिली।
शाम करीब 6:15 बजे देवल गांव पहुंचकर चंद्रशेखर आजाद ने केतन के पिता धनपाल लाल से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक पूरी मजबूती के साथ लड़ी जाएगी। साथ ही उन्होंने मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि उत्तराखंड जैसे शांत प्रदेश में इस प्रकार की घटनाएं चिंताजनक हैं और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
घटना को देखते हुए देवल गांव और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।



