अल्मोड़ा। बंदरों और अन्य वन्यजीवों के आतंक से पहाड़ों में पारंपरिक खेती लगातार प्रभावित हो रही है। इससे किसानों के सामने आजीविका का संकट भी गहराने लगा है। ऐसे में किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए फूलों की व्यावसायिक खेती को नए विकल्प के रूप में विकसित करने की पहल की गई है। इसके तहत अल्मोड़ा जिले में गेंदे की खेती को बढ़ावा देते हुए तीन आदर्श ‘मैरीगोल्ड विलेज’ विकसित किए जाएंगे।
जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान, कोसी-कटारमल की ओर से इस संबंध में एक विशेष योजना तैयार की गई है। इसके तहत जलवायु अनुकूल पुष्प खेती को धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन से जोड़ने की योजना है। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने के साथ ही किसानों को पारंपरिक खेती के अलावा आय का एक स्थायी विकल्प उपलब्ध कराना है।
तीन क्लस्टर में शामिल होंगे 13 गांव
इस पहल के लिए प्रस्तावित तीन वर्षीय परियोजना के तहत अल्मोड़ा जिले के 13 गांवों को चिह्नित किया गया है। इन गांवों को तीन अलग-अलग क्लस्टर में बांटकर प्रत्येक क्लस्टर में एक आदर्श मैरीगोल्ड विलेज विकसित किया जाएगा। इनमें जागेश्वर (धौलादेवी), चितई-कसारदेवी और कटारमल (हवालबाग) क्षेत्र शामिल हैं।
परियोजना के माध्यम से इन क्षेत्रों में गेंदे के फूलों की व्यावसायिक खेती को प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे किसानों को फूलों के उत्पादन और बिक्री के जरिए अतिरिक्त आमदनी का अवसर मिलेगा।
धार्मिक पर्यटन से जुड़ेगी फूलों की खेती
इस योजना की खास बात यह है कि पुष्प उत्पादन को क्षेत्र के धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के साथ जोड़ने की परिकल्पना की गई है। जागेश्वर, चितई और कसारदेवी जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के आसपास फूलों की खेती को बढ़ावा मिलने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है।
इस पहल से किसानों के साथ ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने की भी उम्मीद है। यदि परियोजना सफल रहती है तो पहाड़ों में वन्यजीवों के कारण प्रभावित हो रही पारंपरिक खेती के बीच पुष्प खेती ग्रामीण आजीविका का एक बेहतर विकल्प बन सकती है।





