पिथौरागढ़। नगर के छेड़ा क्षेत्र में आइसलैंड के पास स्थित एक होटल में बुधवार रात करीब 9 बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे होटल जलकर खाक हो गया। हादसे में एक व्यक्ति आग की चपेट में आने से झुलस गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग से करीब 40 लाख रुपये के नुकसान की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि होटल शिव शंकर पंत का है। रात में अचानक होटल से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलने के कारण होटल का अधिकांश हिस्सा इसकी चपेट में आ गया।
आग की चपेट में आने से एक व्यक्ति झुलसा
होटल से सटे आइसलैंड क्षेत्र में मौजूद श्याम सिंह भंडारी आग की चपेट में आने से झुलस गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पिथौरागढ़ ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
आग लगने की सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय से फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। लीडिंग फायर इंचार्ज नारायण सिंह मेहरा के नेतृत्व में पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया और आसपास के क्षेत्रों में आग फैलने से रोकने का प्रयास किया। हादसे के बाद आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
फिलहाल प्रशासन और दमकल विभाग की टीम नुकसान का आकलन कर रही है। आग लगने के वास्तविक कारण और करीब 40 लाख रुपये के नुकसान की अंतिम पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।




