खटीमा के कपिल पोखरिया का एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन, कांस्य पदक पक्का; कोरिया के मुक्केबाज को 5-0 से दी मात

0
2

खटीमा। उत्तराखंड के खटीमा के लिए गौरव का पल है। चकरपुर-महतगांव निवासी अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज कपिल पोखरिया ने जापान में आयोजित हो रहे एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कपिल ने कोरिया के मुक्केबाज को 5-0 के एकतरफा अंतर से हराकर प्रतियोगिता में अपना कांस्य पदक सुनिश्चित कर लिया।

कपिल ने पूरे मुकाबले में दमदार खेल का प्रदर्शन किया और कोरियाई खिलाड़ी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। निर्णायकों ने भी उनके प्रदर्शन को एकमत से बेहतर माना। इस जीत के साथ कपिल अब पदक की दौड़ में और आगे बढ़ गए हैं।

Ads

इससे पहले कपिल ने प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबले में ईरान के मुक्केबाज को मात देकर अपने अभियान की मजबूत शुरुआत की थी। लगातार दो मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज करने के बाद उन्होंने सेमीफाइनल में प्रवेश किया है।

अब 30 सितंबर को सेमीफाइनल मुकाबले में कपिल पोखरिया का सामना उज्बेकिस्तान के मुक्केबाज से होगा। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने पर कपिल फाइनल में पहुंचकर स्वर्ण पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे।

वर्तमान में हवलदार कपिल पोखरिया आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट में प्रशिक्षण ले रहे हैं। इससे पहले भी उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कपिल ने नेशनल गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी मजबूत पहचान बनाई थी। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी उनका प्रदर्शन लगातार प्रभावशाली रहा है।

कपिल की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है, बल्कि पूरे खटीमा और उत्तराखंड को उन पर गर्व है। अब सभी की निगाहें 30 सितंबर को होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां कपिल की नजर पदक का रंग कांस्य से स्वर्ण में बदलने पर होगी।