सिनेमा और सियासत का नाता बहुत पुराना है। बॉलीवुड से लेकर साउथ में कई ऐसे सितारे हैं, जो फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाने के बाद राजनीति में अपनी किस्मत आजमाने के लिए उतर गए। अपनी इस यात्रा में कई फिल्मी सितारों को लोगों का प्यार भी मिला। इस बार भी कई सितारे चुनावी रण में उतरे हैं। आइए जानते हैं कि मनोरंजन जगत की कौन सी हस्ती किस लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में है। पढ़िए अपडेट्स…
- गोरखपुर से भाजपा के रवि किशन आगे
- मंडी से भाजपा प्रत्याशी और अभिनेत्री कंगना रणौत आगे
- बिहार की काराकाट सीट से भोजपुरी कलाकार और निर्दलीय प्रत्याशी पवन सिंह पीछे
- मेरठ से भाजपा प्रत्याशी और अभिनेता अरुण गोविल आगे
- उत्तर पूर्वी दिल्ली से भाजपा प्रत्याशी मनोज तिवारी आगे
- आसनसोल से टीएमसी प्रत्याशी और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा आगे
- गुडगांव से कांग्रेस प्रत्याशी और अभिनेता राज बब्बर पीछे
- मथुरा से भाजपा प्रत्याशी और अभिनेत्री हेमा मालिनी आगे
- हुगली सीट से भाजपा प्रत्याशी और टॉलीवुड अभिनेत्री लॉकेट चटर्जी पीछे
- अमेठी से भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी पीछे
हेमा मालिनी
ग्लैमरस अभिनेत्री हेमा मालिनी इस बार भी लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं। वह तीसरी बार भाजपा की ओर से चुनाव जीत चुकी हैं। हेमा मालिनी भी मथुरा लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। कांग्रेस से मुकेश धनगर और बसपा से सुरेश सिंह इस बार उनके सामने हैं। कांग्रेस के बॉक्सर विजेंदर सिंह को हेमा मालिनी के सामने उतारने की चर्चा पहले हुई, लेकिन बाद में वह भाजपा में चले गए।
2019 में हेमा मालिनी ने भाजपा के टिकट पर मथुरा लोकसभा सीट जीती थी। फिल्मों में अपने अभिनय से लोगों की तारीफें बटोरने वालीं हेमा मालिनी ने 2004 में भाजपा में प्रवेश किया था। अपने सिने करियर में हेमा मालिनी ने लगभग 150 फिल्मों में काम किया। उनकी फिल्मों में सीता और गीता, प्रेम नगर, अमीर गरीब और शोले शामिल हैं।
हरियाणा की गुड़गांव लोकसभा सीट से अभिनेता राज बब्बर कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। राज बब्बर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इस चुनाव में राज के सामने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह भाजपा के प्रत्याशी हैं। वह मौजूदा केंद्र सरकार में कॉर्पोरेट मामलों के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं।
साथ ही, जजपा ने राहुल यादव फाजिलपुरीया को उम्मीदवार बनाया है, जबकि इनेलो ने सौराब खान को उम्मीदवार बनाया है। 2019 में भाजपा के राव इंद्रजीत ने गुड़गांव सीट जीती। 2019 में राज बब्बर गाजियाबाद लोकसभा सीट से चुनाव जीते, लेकिन भाजपा के वीके सिंह ने उन्हें हराया। हिंदी सिनेमा में राज बब्बर ने कई किरदार निभाए हैं। उनका अभिनय करीब 150 फिल्मों और 30 से अधिक नाटकों में हुआ है।
इस चुनाव में उतरे कुछ उम्मीदवार ऐसे हैं, जिनकी चर्चा सबसे ज्यादा है। ऐसा ही एक नाम है कंगना रणौत। कंगना को भाजपा ने हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। विक्रमादित्य सिंह यहां से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। विक्रमादित्य मंडी से मौजूदा कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह के बेटे हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में यहां से भाजपा के राम स्वरुप शर्मा जीते थे।
उत्तर प्रदेश की चर्चित सीटों में शामिल गोरखपुर से भोजपुरी अभिनेता रवि किशन भाजपा के टिकट पर फिर चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट से वह मौजूदा सांसद भी हैं। गोरखपुर वही सीट है, जहां से उत्तर प्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सांसद हुआ करते थे। यहां की राजनीति में गोरक्षपीठ का काफी असर रहता है। इस अहम सीट पर लड़ाई दो फिल्मी चेहरों के बीच है। रवि किशन के सामने सपा की काजल निषाद चुनाव लड़ रही हैं जो खुद भी भोजपुरी कलाकार हैं।
देश की हॉट सीटों में उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ सीट भी है। भाजपा ने यहां भोजपुरी कलाकार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ पर भरोसा जताया है। वहीं मुलायम सिंह यादव के भतीजे और पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव सपा के टिकट पर मैदान में हैं। दिनेश लाल यादव आजमगढ़ के मौजूदा सांसद भी हैं। बसपा ने मशहूद अहमद को मैदान में उतारकर मुकाबले को रोमांचक बनाने की कोशिश की है।