रानीखेत। जापान के विश्वप्रसिद्ध चेरी ब्लॉसम उत्सव की तर्ज पर अब उत्तराखंड में भी प्रकृति और लोक संस्कृति से जुड़ा एक अनूठा महोत्सव भव्य स्वरूप लेने जा रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में धार्मिक, सांस्कृतिक और औषधीय महत्व रखने वाले पदम (पयां या पईं) के संरक्षण और संवर्धन के लिए विशेष प्रयास शुरू किए गए हैं। हिमालयन चेरी के नाम से पहचाने जाने वाले इस वृक्ष को नई पहचान दिलाने के साथ ही इसकी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की तैयारी है।
उत्तराखंड की पर्वतीय लोक संस्कृति में पदम का विशेष स्थान रहा है। इसे केवल एक पेड़ के रूप में नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रतीक के तौर पर भी देखा जाता है। ऐसे में नई पीढ़ी को इस देववृक्ष की धार्मिक एवं पारंपरिक महत्ता से परिचित कराने और उनमें पेड़-पौधों के प्रति लगाव विकसित करने के उद्देश्य से पदम महोत्सव को नया और भव्य स्वरूप देने की पहल की जा रही है।
बच्चों से लेकर शोधार्थियों तक को जोड़ा जाएगा
इस पहल के तहत विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों, शोधार्थियों और आम लोगों को पदम महोत्सव से जोड़ने की योजना है। इसका उद्देश्य केवल उत्सव आयोजित करना नहीं, बल्कि पदम वृक्ष के संरक्षण, पौधरोपण और इसके पर्यावरणीय महत्व के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना भी है। महोत्सव के माध्यम से स्थानीय समुदाय को अपनी प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मधुमक्खी पालन और कृषि के लिए भी महत्वपूर्ण है पदम
पदम वृक्ष का महत्व पर्यावरण और कृषि की दृष्टि से भी काफी अहम है। इसके फूल मधुमक्खियों के लिए पराग एवं मधुरस का स्रोत बनते हैं। इससे मधुमक्खी पालन को प्रोत्साहन मिलने के साथ परागण की प्रक्रिया को भी बढ़ावा मिलता है। परागण कृषि फसलों और बीजों की गुणवत्ता सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
देश-दुनिया में पहचान दिलाने की तैयारी
जापान के चेरी ब्लॉसम उत्सव की तर्ज पर पदम महोत्सव को विकसित करने की यह पहल उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, लोक संस्कृति और जैव विविधता को एक मंच पर लाने का अवसर बन सकती है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए आजीविका के नए अवसर भी विकसित हो सकते हैं।
पहल का व्यापक उद्देश्य हिमालयन चेरी को देश-दुनिया में अलग पहचान दिलाना और आने वाली पीढ़ियों को अपनी प्राकृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।





