रुद्रपुर। बेटे को पूछताछ के लिए थाने बुलाए जाने से नाराज एक महिला ने रविवार शाम ऐसा कदम उठा लिया, जिससे पुलिस और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। महिला त्रिशूल चौक के पास स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर चढ़ा देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और हर कोई महिला को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिशों को देखने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभालने में जुट गई। पुलिस ने महिला को समझाने और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। इस दौरान सीओ विभव सैनी ने मोर्चा संभालते हुए लगातार फोन के माध्यम से महिला से बातचीत की। उन्होंने काफी देर तक महिला को समझाया और टावर से नीचे उतरने की अपील की।
बेटे को पूछताछ के लिए बुलाने से थी नाराजगी
बताया जा रहा है कि महिला के बेटे पर एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप है। इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद दिनेशपुर पुलिस ने पूछताछ के लिए युवक को थाने बुलाया था। बेटे को पुलिस द्वारा थाने बुलाए जाने की जानकारी मिलने पर महिला भी उसके पीछे-पीछे थाने पहुंच गई थी।
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर महिला नाराज थी। रविवार शाम उसने त्रिशूल चौक के पास मोबाइल टावर पर चढ़कर सभी को चौंका दिया।
पुलिस की समझाइश के बाद नीचे उतरी महिला
महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू की। सीओ विभव सैनी लगातार फोन पर महिला से संपर्क बनाए रहे और उसे समझाते रहे। काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद महिला नीचे उतरने के लिए राजी हो गई।
महिला के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।





