कर्णप्रयाग में प्री-मानसून की पहली बारिश बनी आफत, मलबे के सैलाब से स्कूल, दुकानें और सड़कें प्रभावित

0
2

कर्णप्रयाग में प्री-मानसून की पहली बारिश बनी आफत, मलबे के सैलाब से स्कूल, दुकानें और सड़कें प्रभावित

कर्णप्रयाग | चमोली जिले में प्री-मानसून की तेज बारिश ने भारी तबाही मचाई है। नारायणबगड़ क्षेत्र में जंगल से पानी के साथ भारी मात्रा में मलबा बहकर आने से सरकारी इंटर कॉलेज (जीआईसी) परिसर, बाजार और आसपास के इलाकों में नुकसान हुआ है। वहीं गौचर क्षेत्र में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।

गुरुवार रात हुई अतिवृष्टि के बाद जंगल से आया मलबा जीआईसी परिसर में घुस गया, जिससे तीन कक्षाओं की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। मलबा छात्रावास, विद्यालय कार्यालय, प्रधानाचार्य कक्ष और अन्य कमरों तक पहुंच गया, जिससे पूरा परिसर कीचड़ और पत्थरों से भर गया।

Ads

इंटर कॉलेज और अस्पताल के बीच बने नाले से आया मलबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर फैल गया। इसके चलते करीब एक दर्जन दुकानों में मलबा घुस गया, जबकि कई दोपहिया और हल्के चारपहिया वाहन भी मलबे में आंशिक रूप से दब गए।

बारिश के बाद प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण शुरू कर दिया है और मलबा हटाने का कार्य जारी है। अधिकारियों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।