उत्तराखंड कैबिनेट की अहम बैठक कल, 3000 करोड़ से अधिक के अनुपूरक बजट पर लग सकती है मुहर

0
1

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में 22 अक्टूबर को उत्तराखंड मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में 3000 करोड़ रुपये से अधिक के अनुपूरक बजट और छठे राज्य वित्त आयोग की रिपोर्ट सहित कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है।

प्रदेश में 27 अक्टूबर से गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में दो दिवसीय विधानसभा सत्र प्रस्तावित है। इस सत्र के दौरान अनुपूरक बजट पेश कर पारित कराया जाना है। ऐसे में कैबिनेट बैठक को आगामी विधानसभा सत्र की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

विकास कार्यों को मिल सकती है अतिरिक्त धनराशि

राज्य सरकार विधानसभा में 3000 करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट प्रस्तुत करने की तैयारी में है। कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद इसे विधानसभा सत्र में रखा जा सकता है। इस अतिरिक्त बजट का उद्देश्य चालू वित्तीय वर्ष के शेष समय में विभिन्न विकास योजनाओं और सरकारी कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराना है।

छठे राज्य वित्त आयोग की रिपोर्ट पर भी नजर

कैबिनेट बैठक में छठे राज्य वित्त आयोग की रिपोर्ट भी प्रस्तुत किए जाने की संभावना है। यह रिपोर्ट त्रिस्तरीय पंचायतों और नगर निकायों को राज्य सरकार की ओर से मिलने वाले अनुदान से संबंधित है। रिपोर्ट पर निर्णय होने से स्थानीय निकायों को वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने और विकास कार्यों की योजना बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

फिलहाल, कैबिनेट बैठक में प्रस्तावों पर अंतिम निर्णय होने के बाद ही अनुपूरक बजट और राज्य वित्त आयोग की रिपोर्ट को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।