खटीमा (ऊधम सिंह नगर)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा स्थित अपने निजी आवास नगला तराई और लोहियाहेड हेलीपैड पर आम जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसमस्याओं के समाधान में न हो देरी
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की ओर से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और उनके समाधान में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने समस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के साथ ही यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए।
खटीमा में मुख्यमंत्री के इस जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों को अपनी बात रखने का अवसर मिला। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करने और उनके गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।





