देहरादून: रायपुर में वाइन शॉप के बाहर फायरिंग, दो राहगीर घायल; आरोपी फरार

0
2

 

देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम रिंग रोड स्थित छह नंबर पुलिया के पास एक वाइन शॉप के बाहर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद कथित तौर पर फायरिंग हुई, जिसमें वहां से गुजर रहे दो राहगीर गोली लगने से घायल हो गए।

Ads

घायलों की पहचान 39 वर्षीय नवीन राणा और 25 वर्षीय कविंद्र शर्मा के रूप में हुई है। नवीन राणा के कंधे में गोली लगी, जबकि कविंद्र शर्मा के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है।

घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है और फायरिंग करने वाले आरोपियों की तलाश जारी है।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने वाइन शॉप के बाहर धरना देकर ठेका हटाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस शराब के ठेके के कारण क्षेत्र में आए दिन झगड़े, मारपीट और कानून-व्यवस्था की समस्याएं सामने आती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से ठेका तत्काल हटाने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।