रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की शिव इन्कलेव कॉलोनी में युवतियों से मिलने आने वाले युवकों का विरोध करने को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि एक युवक ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ देर बाद कार सवार कई नकाबपोश युवक मौके पर पहुंचे और गालीगलौज के बाद कई राउंड फायरिंग कर दी। घटना से कॉलोनी में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने फायरिंग के साथ पथराव भी किया। इस दौरान दो कारों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। आसपास के लोगों के एकत्र होने पर आरोपी अपनी कार मौके पर छोड़कर फायरिंग करते हुए वहां से फरार हो गए।
मौके से खोखा और जिंदा कारतूस बरामद
घटना की सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा हमलावरों द्वारा मौके पर छोड़ी गई कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस अब बरामद कार के आधार पर आरोपितों की पहचान और उनके ठिकाने का पता लगाने का प्रयास कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
करीब डेढ़ माह से किराये पर रह रही थीं युवतियां
पुलिस के अनुसार, पंजाब निवासी तीन युवतियां ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की शिव इन्कलेव कॉलोनी में एक मकान में किराये पर रह रही हैं। बताया गया है कि तीनों युवतियां करीब डेढ़ माह से यहां रह रही थीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, युवतियों से मिलने के लिए युवकों का उनके कमरे पर आना-जाना रहता था। इसी को लेकर कॉलोनी में विरोध की स्थिति बनी और मामला विवाद में बदल गया।
आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस
फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस बरामद कार, मौके से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल घटना के पीछे शामिल लोगों की पहचान और फायरिंग के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




