उत्तराखंड में बैरियर तोड़कर घुसे निहंग सिखों पर FIR, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

0
1

देहरादून: चंडीगढ़ से हेमकुंड साहिब की यात्रा पर निकले निहंग सिखों के पहले जत्थे द्वारा कुल्हाल बॉर्डर पर बैरिकेडिंग तोड़कर उत्तराखंड में प्रवेश करने के मामले में पुलिस ने अज्ञात निहंग सिखों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों पर हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा डालने, लोक सेवकों पर हमला, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और लोगों में भय का माहौल बनाने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, कर्णप्रयाग में निहंग सिखों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में निहंगों के कर्णप्रयाग पहुंचने की अपील की गई थी। इसे देखते हुए कुल्हाल चेक पोस्ट पर पुलिस, पीएसी और आईटीबीपी की अतिरिक्त तैनाती की गई थी।

Ads

प्रशासन ने निहंग जत्थे से बिना हथियार और छोटे-छोटे समूहों में यात्रा जारी रखने का अनुरोध किया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। वार्ता विफल होने के बाद निहंग बैरिकेडिंग तक पहुंच गए और तलवार, कृपाण, फरसे तथा भाले जैसे पारंपरिक हथियार लहराते हुए बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ गए।

पुलिस का आरोप है कि इस दौरान बैरिकेडिंग के पास खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने का भी प्रयास किया गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

एसपी देहात पंकज गैरोला ने बताया कि पूरे घटनाक्रम के संबंध में अज्ञात निहंग सिखों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।