दीपावली के बाद देहरादून की हवा में प्रदूषण का असर बरकरार, AQI अब भी 100 के पार; घंटाघर की स्थिति चिंताजनक

0
2

देहरादून। दीपावली पर हुई आतिशबाजी के कारण दून की हवा में घुला प्रदूषण अब धीरे-धीरे कम होने लगा है, लेकिन शहरवासियों को फिलहाल पूरी राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। दीपावली के दो दिन बाद भी देहरादून के दोनों प्रमुख वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 100 के पार बना हुआ है। इससे साफ है कि आतिशबाजी के बाद बढ़ा प्रदूषण अभी भी शहर की आबोहवा को प्रभावित कर रहा है।

उत्तराखंड में थर्ड पार्टी वायु गुणवत्ता निगरानी के ताजा आंकड़ों के अनुसार, नेहरू कॉलोनी में AQI 133 और घंटाघर क्षेत्र में 173 दर्ज किया गया है। दोनों निगरानी केंद्रों के आंकड़े बताते हैं कि प्रदूषण के स्तर में गिरावट तो आई है, लेकिन स्थिति अभी सामान्य नहीं हुई है।

आंकड़ों के मुताबिक, निगरानी के पहले दिन यानी एक नवंबर की तुलना में नेहरू कॉलोनी में AQI अभी भी 40 अंक और घंटाघर में 61 अंक अधिक दर्ज किया गया। विशेष रूप से घंटाघर क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर अधिक बना हुआ है, जो शहर के लिए चिंता का विषय है।

दीपावली के दौरान पटाखों से निकलने वाले धुएं और सूक्ष्म कणों के कारण वायु गुणवत्ता प्रभावित होती है। ऐसे में प्रदूषण के स्तर में धीरे-धीरे आ रही गिरावट राहत का संकेत जरूर है, लेकिन AQI के 100 से ऊपर बने रहने के कारण संवेदनशील लोगों को अभी भी सतर्क रहने की जरूरत है।