कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल)। कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के घमंडपुर वार्ड में देर रात एक कपड़ों की दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के अंदर रखा कपड़ों सहित पूरा सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, सोमवार सुबह करीब छह बजे दुकान के अंदर आग दोबारा भड़क उठी, जिसके बाद दमकल कर्मियों को फिर से मौके पर पहुंचकर आग बुझानी पड़ी।
दुकान से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने दी सूचना
जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब 11 बजे की है। दुर्गापुर चौराहे से पहले घमंडपुर वार्ड में स्टेट बैंक के समीप स्थित एक कपड़ों की दुकान के अंदर से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। आसपास के लोगों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। दुकान के अंदर आग तेजी से फैल रही थी। दमकल कर्मियों ने आग को आसपास की दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोकने के लिए बचाव कार्य शुरू किया।
चार घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
दमकल विभाग की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। हालांकि, आग की चपेट में आने से दुकान में रखा कपड़ों का सामान पूरी तरह जल गया। आग से दुकान को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
सुबह करीब छह बजे दुकान के अंदर बची चिंगारियों से आग एक बार फिर भड़क उठी। इसकी सूचना मिलने पर दमकल कर्मी दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे और आग को पूरी तरह बुझाया।
नजीबाबाद में रहते हैं दुकान स्वामी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित दुकान के स्वामी नजीबाबाद में रहते हैं। देर रात दुकान में आग लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है।





