देहरादून। राजधानी देहरादून के एक निजी स्कूल में छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के करीब 18 दिन बाद भी पुलिस जांच में ठोस प्रगति नहीं हो पाई है। न्याय की मांग को लेकर पीड़िता की मां को स्कूल के गेट पर धरने पर बैठना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद मामले में कार्रवाई का इंतजार बना हुआ है। पुलिस की जांच अब तक बयान दर्ज करने तक ही सीमित नजर आ रही है।
मामले को लेकर शुरुआत में स्कूल परिसर में हंगामा भी हुआ था। इसके बाद पीड़िता की मां ने न्याय न मिलने पर स्कूल के मुख्य गेट पर धरना देकर अपना विरोध जताया। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला है और मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल में तैनात फिजिक्स के शिक्षक पर छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार करने का आरोप है। पीड़िता की मां ने इस संबंध में सबसे पहले 15 अक्टूबर को स्कूल प्रबंधन को लिखित शिकायत दी थी। इसके बावजूद मामला उस समय खासा तूल पकड़ गया, जब 23 अक्टूबर को स्कूल में इस घटना को लेकर हंगामा हुआ।
घटना के बाद से ही पीड़िता का परिवार मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग कर रहा है। हालांकि, करीब 18 दिन बीतने के बाद भी जांच में ठोस नतीजा सामने नहीं आने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में जांच को कब तक आगे बढ़ाती है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।





