उत्तराखंड में अर्णव तूफान का असर, पहाड़ों में कोहरे का बढ़ा प्रकोप… नैनीताल में बढ़ी नमी

0
2

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में अक्टूबर के अंतिम दिनों में आए चक्रवाती तूफान अर्णव का असर अब कोहरे के रूप में दिखाई दे रहा है। नैनीताल समेत हिमालयी क्षेत्रों में वातावरण में नमी बढ़ने के कारण सुबह और शाम के समय कोहरा छाने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक पहाड़ों में कोहरे का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। तेज हवाएं चलने के बाद ही वातावरण में मौजूद नमी कम होगी और कोहरा छंटने लगेगा।

आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) के वरिष्ठ वायुमंडलीय वैज्ञानिक डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से उठने वाले प्रभावशाली चक्रवातों का असर हिमालयी क्षेत्रों तक पहुंचता रहा है। ऐसे मौसमी सिस्टम से हिमालयी क्षेत्र भी अछूते नहीं रहते। उन्होंने बताया कि चक्रवाती तूफान अर्णव के प्रभाव से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई थी, जबकि निचले पर्वतीय इलाकों में छिटपुट बारिश दर्ज की गई थी।

बर्फबारी और बारिश के कारण वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ गई है। यही नमी अब पहाड़ी क्षेत्रों में कोहरा बनने की प्रमुख वजह बन रही है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, जब तक वातावरण से अतिरिक्त नमी बाहर नहीं निकलती और तेज हवाएं नहीं चलतीं, तब तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। इसका असर विशेष रूप से नैनीताल और आसपास के पर्वतीय इलाकों में देखने को मिल सकता है।