देहरादून: बाथरूम में नहा रही युवती का वीडियो बनाने की कोशिश का आरोप, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

0
2

 

देहरादून। पटेलनगर थाना क्षेत्र में बाथरूम में स्नान कर रही एक युवती का कथित रूप से वीडियो बनाने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Ads

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 28 मई की रात युवती अपने घर के बाथरूम में स्नान कर रही थी। आरोप है कि उसी दौरान पास में किराये पर रहने वाला युवक आदिल मोबाइल फोन लेकर बाथरूम की ओर झांक रहा था और वीडियो बनाने का प्रयास कर रहा था। युवती की नजर पड़ते ही उसने शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी मौके से भागने लगा।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पटेलनगर थाना प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।