UKPSC भर्ती अपडेट: उत्तराखंड में पीसीएस के 63 पदों पर जल्द होगी भर्ती, आयोग शीघ्र जारी करेगा विज्ञापन
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) जल्द ही अपर पीसीएस (PCS) के 63 रिक्त पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी करने जा रहा है।
आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय द्वारा जारी सूचना के अनुसार, प्रदेश सरकार से 63 रिक्त पदों का प्रस्ताव आयोग को प्राप्त हो चुका है। प्रस्ताव का परीक्षण पूरा होने के बाद भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा (Preliminary Exam) अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित है। ऐसे में अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी अंतिम चरण में पहुंचाने की सलाह दी गई है। लंबे समय से प्रतियोगी छात्र इस भर्ती का इंतजार कर रहे थे।
इसके अलावा, आयोग ने सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO), असिस्टेंट लाइब्रेरियन, अनुवादक और टाइपिस्ट के कुल 24 पदों पर भर्ती परीक्षा की तिथि भी घोषित कर दी है। यह परीक्षा 19 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार और हल्द्वानी में आयोजित होगी। परीक्षा के प्रवेश पत्र 4 जुलाई को आयोग की वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड ऑनलाइन डाउनलोड करना होगा, क्योंकि इन्हें डाक के माध्यम से नहीं भेजा जाएगा.




