नैनीताल: उत्तराखंड के भुजियाघाट क्षेत्र में होटल का बिल चुकाने को लेकर शुरू हुआ विवाद पुलिस पर हमले तक पहुंच गया। आरोप है कि शनिवार रात पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोककर पूछताछ की तो उसमें सवार युवकों ने पुलिस टीम से अभद्रता की, एक कांस्टेबल की पिटाई कर दी, उसकी वर्दी फाड़ दी और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने 13 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
होटल बिल विवाद के बाद हुई पुलिस से झड़प
पुलिस के अनुसार, 27 जून की रात करीब 9:30 बजे भुजियाघाट क्षेत्र में यातायात व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मियों को सूचना मिली कि लाल रंग की कार में सवार कुछ युवकों का एक होटल में भोजन का बिल देने को लेकर विवाद हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित वाहन को रोकने का प्रयास किया।
जैसे ही वाहन को रोका गया, उसमें सवार 10 से 12 युवकों ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान पुलिसकर्मी राजेंद्र जोशी के साथ मारपीट की गई, उनकी वर्दी फाड़ दी गई और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के चलते कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
13 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि पुलिसकर्मी राजेंद्र जोशी की शिकायत के आधार पर भुजियाघाट निवासी कुबेर जीना, हर्षित जीना, कौशल जीना, मनीष खाती, हिमांशु बिष्ट सहित आठ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आरोपियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी कर्मचारी पर हमला करने, मारपीट, धमकी देने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की तलाश जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की सख्त चेतावनी
एसएसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला करने या सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




