ऋषिकेश: घायल साथी से मिलने एम्स पहुंचे निहंग, संगतों से शांति बनाए रखने की अपील

0
2

ऋषिकेश: कर्णप्रयाग में हुए विवाद के दौरान घायल हुए एक निहंग सिख का हालचाल जानने के लिए निहंगों का एक दल शुक्रवार को एम्स ऋषिकेश पहुंचा। मुलाकात के दौरान उन्होंने घायल साथी के स्वास्थ्य की जानकारी ली और अस्पताल में मिल रहे उपचार पर संतोष जताया। साथ ही सभी संगतों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की।

कर्णप्रयाग में निहंग सिखों और स्थानीय युवाओं के बीच हुई मारपीट में घायल निहंग का इलाज एम्स ऋषिकेश में चल रहा है। हिमाचल-उत्तराखंड सीमा के कुल्हाल चेक पोस्ट पर प्रशासन के साथ हुई बातचीत के दौरान निहंगों ने घायल साथी से मिलने की अनुमति भी मांगी थी।

Ads

शुक्रवार को निहंगों का एक दल एम्स पहुंचा और घायल निहंग से मुलाकात की। हालांकि पुलिस और एम्स प्रशासन ने इस मुलाकात को सार्वजनिक नहीं किया, लेकिन बाद में निहंगों द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो से इसकी पुष्टि हुई।

वीडियो में निहंगों ने बताया कि एम्स में घायल साथी का इलाज बेहतर तरीके से किया जा रहा है और प्रशासन भी पूरा सहयोग कर रहा है। उन्होंने सभी संगतों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने तथा शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है और संवाद के माध्यम से स्थिति को सामान्य बनाए रखने के प्रयास जारी हैं।