रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित सिविल लाइंस क्षेत्र के टोडा कल्याणपुर मुस्ताहकम गांव में मोहर्रम के मातमी जुलूस के दौरान उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब एक व्यक्ति ने जुलूस की ओर ईंट-पत्थर फेंक दिए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि पुलिस ने तुरंत पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में ले लिया।
शुक्रवार को मोहर्रम के अवसर पर मुस्लिम समुदाय द्वारा विभिन्न स्थानों से मातमी जुलूस निकाले जा रहे थे। रात करीब 9 बजे जब जुलूस टोडा गांव के रामलीला ग्राउंड पहुंचा और मातमी प्रदर्शन चल रहा था, तभी किसी व्यक्ति ने जुलूस की ओर पत्थर फेंक दिए। यह क्षेत्र संवेदनशील माना जाता है, क्योंकि यहां हिंदू आबादी अधिक है।
घटना के बाद कुछ लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को तुरंत नियंत्रित कर लिया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पत्थर फेंकने वाला व्यक्ति नशे की हालत में था। उसके इस कृत्य से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना, लेकिन पुलिस ने समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में शांति है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। मामले की जांच जारी है।




