निहंग विवाद: तनाव बरकरार, पांवटा साहिब में रुके निहंग; देहरादून में हाई अलर्ट, सीमाओं पर कड़ी निगरानी

0
2

देहरादून: कर्णप्रयाग में निहंग सिखों के साथ हुए विवाद के बाद प्रदेश में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस प्रशासन से बातचीत के बाद निहंग सिखों ने फिलहाल दो दिन तक पांवटा साहिब में ही रुकने पर सहमति जताई है। इसके बावजूद किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए देहरादून जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पुलिस और खुफिया एजेंसियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उत्तराखंड में संभावित प्रवेश की आशंका को देखते हुए जिले की सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही है।

Ads

कुल्हाल बॉर्डर, आशारोड़ी और रायवाला सहित जिले के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग कर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इन स्थानों पर पुलिस के साथ खुफिया विभाग के अधिकारी भी तैनात हैं, जो हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। वाहनों के दस्तावेजों की जांच के साथ आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों से पूछताछ भी की जा रही है।

संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। होटल, धर्मशालाओं, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

खुफिया तंत्र को भी पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है, ताकि किसी भी संभावित खतरे या अफवाह पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ये सभी कदम आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियात के तौर पर उठाए गए हैं। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। निहंग सिखों को देहरादून से पांवटा साहिब भेज दिया गया है, जहां उनसे लगातार बातचीत की जा रही है। प्रशासन विभिन्न स्तरों पर संवाद के माध्यम से मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है।