ऊधम सिंह नगर समाचार: माता-पिता की डांट से नाराज होकर दिल्ली से रुद्रपुर पहुंचे चार भाई-बहन, पुलिस ने लिया संरक्षण में

0
3

रुद्रपुर। माता-पिता की डांट से नाराज होकर चार भाई-बहन दिल्ली से रुद्रपुर पहुंच गए। ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने सभी बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया है। साथ ही इस संबंध में दिल्ली पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस के रुद्रपुर पहुंचने के बाद बच्चों को उनके परिजनों की सुपुर्दगी में सौंप दिया जाएगा।

ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में गुमसुम बैठे मिले बच्चे

कोतवाल मोहन चंद्र पांडेय ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में चार बच्चे एक स्थान पर चुपचाप बैठे हुए मिले। इनमें दो नाबालिग लड़कियां और दो किशोर शामिल थे। स्थानीय लोगों को बच्चों की स्थिति संदिग्ध लगी, जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना एक स्थानीय भाजपा नेता और पुलिस को दी।

Ads

दिल्ली के निहाल विहार थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं बच्चे

जांच के दौरान पता चला कि चारों बच्चे दिल्ली के निहाल विहार थाना क्षेत्र के निवासी हैं। कुछ दिन पहले माता-पिता की डांट से नाराज होकर वे घर से निकल गए थे। बच्चों ने पहले ट्रेन से यात्रा की और बाद में बस के माध्यम से रुद्रपुर पहुंच गए। हालांकि उन्हें यह भी ठीक से पता नहीं था कि वे किन-किन जगहों से होकर यहां पहुंचे।

परिजनों और दिल्ली पुलिस को दी गई सूचना

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाल मोहन चंद्र पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बच्चों से पूछताछ कर उन्हें सुरक्षित थाने लाया गया। पुलिस ने तुरंत बच्चों के परिजनों और संबंधित दिल्ली थाना पुलिस को सूचना दे दी है। बताया जा रहा है कि दिल्ली से पुलिस टीम और परिजन रुद्रपुर के लिए रवाना हो चुके हैं।