थत्यूड़ (टिहरी)। भवान–नगुण सड़क मार्ग पर नागराजाधार मोड़ के पास गुरुवार शाम दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के आगे के हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी वाहन सवार को गंभीर चोट नहीं आई।
खतरनाक मोड़ और पेयजल टैंक बना दुर्घटना का कारण
जानकारी के अनुसार नागराजाधार मोड़ के किनारे जल संस्थान का पेयजल टैंक बना हुआ है। यह स्थान काफी घुमावदार होने के कारण सामने से आने वाले वाहन आसानी से दिखाई नहीं देते। इसी कारण यहां अक्सर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेयजल टैंक के कारण सड़क का दृश्य अवरुद्ध हो जाता है, जिससे वाहन चालकों को समय पर सामने से आने वाले वाहन का अंदाजा नहीं लग पाता।
पेयजल टैंक हटाने की उठी मांग
नगुण–भवान नागराजाधार मोटर मार्ग विकास समिति के अध्यक्ष जयेंद्र पडियार ने बताया कि इस स्थान पर दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। उन्होंने ग्राम प्रधान सुमन बाला, संदीप नौटियाल और गुलाब सिंह राणा के साथ मिलकर जल संस्थान नई टिहरी के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर पेयजल टैंक को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं।




