उत्तरकाशी। भारत सरकार के खेल मंत्रालय और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में जनपदीय स्तर की युवा संसद का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से कुल 91 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में स्वाति नौटियाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।
Table of Contents
Toggleलोकतंत्र और आपातकाल विषय पर हुई प्रतियोगिता
रामचंद्र उनियाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रेक्षागृह में आयोजित इस युवा संसद कार्यक्रम का शुभारंभ डीएफओ डी.पी. बलूनी और मंजीरा देवी शिक्षण संस्थान के कुलपति भगवान नौटियाल ने किया। इसके बाद “आपातकाल के 50 वर्ष: भारतीय लोकतंत्र के लिए एक सबक” विषय पर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए।
लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका पर दिए विचार
कार्यक्रम के दौरान डीएफओ डी.पी. बलूनी ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने युवाओं को गंभीर अध्ययन की आदत विकसित करने की सलाह दी। वहीं, विशिष्ट अतिथि भगवान नौटियाल ने युवाओं को सरकार द्वारा संचालित रोजगार योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा
आयोजित प्रतियोगिता में स्वाति नौटियाल ने प्रथम, अवधेश नौटियाल ने द्वितीय, नेहा रावत ने तृतीय और साहिल ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ममता ध्यान और सोहनपाल ने किया।
इस अवसर पर बबीता शाह, प्रताप सिंह बिष्ट, डॉ. विनीता कोहली, डॉ. रिचा बधानी, डॉ. नेहा गोस्वामी, डॉ. प्रदेव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




